मऊ। काशी एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की सूचना से मंगलवार सुबह मऊ रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। इंटरनेट के माध्यम से मिली धमकी के बाद रेलवे और पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। सुरक्षा कारणों से काशी एक्सप्रेस (15018) को मऊ जंक्शन पर रोककर यात्रियों को उतार दिया गया और करीब दो घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

काशी एक्सप्रेस रोजाना गोरखपुर से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए रवाना होती है। मंगलवार सुबह 5:53 बजे ट्रेन गोरखपुर से चली थी। इसी दौरान ट्रेन में बम होने की सूचना सामने आई। ट्रेन के मऊ पहुंचने से पहले ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
सुबह 9:32 बजे जैसे ही ट्रेन मऊ जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची, मौके पर मौजूद पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने तुरंत यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस अधीक्षक इलामारन जी, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह, जीआरपी थानाध्यक्ष राजकपूर सिंह सहित बम निरोधक दस्ता और रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर तैनात रही।

तलाशी के दौरान एक संदिग्ध बैग बरामद हुआ, लेकिन जांच में उसमें किसी भी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ नहीं पाया गया। रेलवे की तकनीकी टीम ने भी बैग की विस्तृत जांच की। पूरे स्टेशन परिसर और ट्रेन के सभी कोचों की बारीकी से तलाशी ली गई।
पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन ट्रेन को खाली कराकर जांच की गई, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। उन्होंने कहा कि अफवाह या गलत सूचना देने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
करीब दो घंटे की जांच के बाद स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा।
