आज दिनांक 16 दिसम्बर 2025 को वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री पूर्ण बोरा की अध्यक्षता में वाराणसी के प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य शहर में हो रहे नए निर्माण कार्यों के मानकों की जानकारी देना तथा अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।

बैठक के दौरान उपाध्यक्ष महोदय द्वारा बताया गया कि वाराणसी में किसी भी नए लेआउट अथवा प्लॉटिंग के लिए प्राधिकरण द्वारा निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि लेआउट स्वीकृति के लिए न्यूनतम 09 मीटर चौड़ी सड़क होना आवश्यक है, भूमि उपयोग (लैंड यूज़) रेजिडेंशियल होना चाहिए तथा यदि कुल क्षेत्रफल 3000 वर्ग मीटर से अधिक है, तो कुल क्षेत्रफल का न्यूनतम 15 प्रतिशत भाग पार्क के लिए आरक्षित होना अनिवार्य होगा। इन मानकों की पूर्ति होने पर ही लेआउट को स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
उपाध्यक्ष महोदय ने शहर में प्लॉटर्स द्वारा की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर चिंता व्यक्त करते हुए इन्फ्लुएंसर्स से आग्रह किया कि वे अपने माध्यमों से इस समस्या को उजागर करें, ताकि आम जनता ऐसे अवैध लेआउट से सावधान रह सके।
उन्होंने यह भी कहा कि वाराणसी विकास प्राधिकरण जनता की सुविधा और शहर के सुव्यवस्थित विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में उन्होंने उपस्थित इन्फ्लुएंसर्स से अपील की कि चूँकि वे समाज के बड़े वर्ग को प्रभावित करते हैं, इसलिए ऐसे वीडियो एवं कंटेंट तैयार करें जिनसे जनता को यह जानकारी मिले कि बिना प्राधिकरण से लेआउट स्वीकृत कराए किसी भी प्लॉट को न खरीदें। साथ ही प्लॉटर्स को भी यह संदेश दें कि प्लॉटिंग के लिए निर्धारित नियमों और मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा सभी इन्फ्लुएंसर्स ने वाराणसी विकास प्राधिकरण के इस जनहितकारी अभियान में सहयोग देने का आश्वासन दिया।
