वाराणसी में बाबा विश्वनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से वसूली और दुर्व्यवहार की शिकायतों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। दशाश्वमेध थाने की टीम ने एसीपी अतुल अंजन त्रिपाठी के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाकर सात लोगों को गिरफ्तार किया। ये लोग खुद को सहयोगी या गाइड बताकर श्रद्धालुओं को विशेष दर्शन कराने का दावा करते थे। इसके बदले वे मोटी रकम वसूलते थे और विरोध करने पर दुर्व्यवहार भी करते थे।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार लोगों की गतिविधियों पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। श्रद्धालुओं को भ्रमित कर उनसे जबरन पैसे लेने की जानकारी सामने आने के बाद टीम ने मंदिर परिसर और उसके आसपास निगरानी तेज की। जांच के दौरान पकड़े गए सभी आरोपी श्रद्धालुओं को अलग-अलग तरीके से फंसाकर पैसे वसूलते थे।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने कहा कि मंदिर परिसर में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए पुलिस ने गश्त और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे किसी अनधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
