वाराणसी| अधिवक्ता राजा आनंद ज्योति सिंह की संदिग्ध मौत अब अवैध नशीले कफ सिरप कांड से जुड़ती दिख रही है। मृतक के परिजनों ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से मुलाकात कर बताया कि उनके बेटे को नशीला पदार्थ देकर मारा गया। परिजनों ने शुभम जायसवाल और अमित सिंह टाटा पर हत्या का आरोप लगाया है।

परिवार ने कमिश्नर से निष्पक्ष जांच की मांग की। कमिश्नर ने भरोसा दिया कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशीले कफ सिरप प्रकरण में SIT ने जांच तेज कर दी है, जबकि स्थानीय पुलिस भी पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है।
सीपी मोहित अग्रवाल ने बताया कि जिन फर्मों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं, उन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जो भी संतोषजनक जवाब नहीं देगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सजा की अवधि बढ़ाने पर भी विचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे देश में हो या विदेश में, उसे गिरफ्तार कर प्रत्यार्पित कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ी तो संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
