magbo system

Editor

दालमंडी में ध्वस्तीकरण के विरोध में महिलाओं का धरना, बोले—बुलडोजर चला दें पर पीछे नहीं हटेंगे

वाराणसी। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर मंगलवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब मुस्लिम महिलाएं अपने बच्चों के साथ सड़क पर बैठकर विरोध में उतर आईं। उनका कहना था कि वाराणसी विकास प्राधिकरण जबरन घर खाली कराने का दबाव बना रहा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि वे वर्षों से यहां रह रही हैं, लेकिन प्रशासन अचानक चौड़ीकरण के नाम पर उन्हें विस्थापित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने साफ कहा कि चाहे प्रशासन बुलडोजर चला दे, लेकिन वे पीछे नहीं हटेंगी।

VK Finance

धरने पर बैठी महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग की। उनका आरोप है कि कार्रवाई मानवीय मूल्यों के खिलाफ है और गरीब परिवारों को बिना सुनवाई बेघर किया जा रहा है। कुछ ही देर में स्थिति और गंभीर हो गई, जब हजारों युवक महिलाओं के समर्थन में सड़कों पर उतर आए। भीड़ बढ़ने से मुख्य रास्ते और गलियां जाम हो गईं। सुरक्षा के मद्देनज़र व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं, जिससे पूरा क्षेत्र ठप हो गया।

विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि वे चौड़ीकरण के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन प्रशासन को पहले उचित मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही वैध दस्तावेजों की जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उनका आरोप है कि बिना नोटिस और बिना बात सुने कार्रवाई करना गलत है और वीडीए अवैध तरीके से घर खाली करवाने की कोशिश कर रहा है।

मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई। अधिकारी हालात शांत करने की कोशिश करते रहे, लेकिन महिलाओं का कहना है कि जब तक उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिलता, वे धरना खत्म नहीं करेंगी। प्रशासन अब कानूनी और शांतिपूर्ण समाधान तलाशने में जुटा है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment