
वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना का काम फिर से शुरू हो गया है। कार्तिक पूर्णिमा के बाद प्रशासन ने दूसरा चरण शुरू करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार सुबह से ही नगर निगम और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और कार्रवाई शुरू की।

इस चरण में सबसे पहले चौक थाने के बैरक को ढहाया गया। अधिकारियों के अनुसार बैरक चौड़ीकरण में बाधा बन रहा था, इसलिए इसे प्राथमिकता देते हुए हटाया गया। बैरक के साथ ही दूसरी तरफ स्थित दुकानों को भी चरणबद्ध तरीके से तोड़ा जा रहा है। प्रभावित दुकानदारों और भवन मालिकों को पहले ही नोटिस देकर मुआवजा प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। प्रशासनिक टीम ने बताया कि जिन भवनों का ध्वस्तीकरण किया जा रहा है, उनके मालिकों को निर्धारित नियमों के अनुसार भुगतान किया जा चुका है।
ध्वस्तीकरण के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा या अव्यवस्था से बचने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात है। पुलिस और PAC के जवानों ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है। अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं ताकि काम बिना रुकावट पूरी हो सके।
स्थानीय लोग दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना को लेकर अलग-अलग राय रखते हैं। कुछ लोग इसका समर्थन कर रहे हैं, उनका कहना है कि चौड़ी सड़कें क्षेत्र में भीड़भाड़ कम करने और आवाजाही आसान बनाने में मदद करेंगी। वहीं कुछ लोग दुकानों के टूटने की वजह से नाराज भी हैं।
प्रशासन का कहना है कि यह परियोजना शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और सुगम आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है। आने वाले दिनों में ध्वस्तीकरण और चौड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।