


चंदौली। आज दिनांक 8 अक्टूबर 2025 को चंदौली रेंज अंतर्गत सेंट जॉन्स स्कूल, कट शिला, चंदौली में वन विभाग द्वारा वन्य जीव सप्ताह के अवसर पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में पर्यावरण और वन्य जीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता और वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता तथा तर्कशक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से श्री राम प्रकाश मौर्य (क्षेत्रीय वन अधिकारी, चंदौली), छविनाथ त्रिपाठी (उप क्षेत्रीय वन अधिकारी), श्री रवि कुमार सिंह (उप क्षेत्रीय वन अधिकारी), श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव (वन दरोगा), श्री देव कृष्ण तिवारी (वनरक्षक), प्रभात कुमार (वनरक्षक), तेज़बली पांडेय तथा धीरज वर्मा उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने छात्रों को वन्य जीवों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में जागरूक किया तथा बच्चों को प्रेरित किया कि वे भविष्य में भी प्रकृति की सुरक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
विद्यालय की ओर से फादर जो बी. जॉन, सिस्टर रोस ली, अध्यापक श्री प्रकाश पाल, आशुतोष चौधरी, अजय कुमार रॉय, मनोज कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और वन विभाग द्वारा वन्य जीव संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और सभी ने वन्य जीवों की रक्षा के लिए संकल्प लिया।