तेजी से घट रहा गंगा का जलस्तर, बाढ़ प्रभावित इलाकों से खिसकने लगा पानी, साफ-सफाई में जुटे लोग

वाराणसी। गंगा का जलस्तर 6 सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से घट रहा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों से पानी खिसकने लगा है। हालांकि पानी निकलने के बाद कीचड़ और गंदगी का आलम व्याप्त हो गया है। ऐसे में लोग घरों और दुकानों की साफ-सफाई में जुट गए हैं। नगर निगम प्रशासन ने भी बाढ़ के बाद युद्ध स्तर पर सफाई अभियान, फॉगिंग आदि कराने के लिए रणनीति तैयार की है। सामने घाट पर सड़क मार्ग से गंगा का पानी पूरी तरह हट चुका है। गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण पहले तीन पहिया और चार पहिया वाहनों के लिए इस मार्ग पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, जिसे अब जलस्तर कम होने के साथ हटा लिया गया है। वहीं, अस्सी घाट पर भी जलस्तर घटने से स्थिति सामान्य हो रही है, और दोपहिया वाहन अब वहां बने मार्ग से गुजर रहे हैं। हालांकि, सुबह के समय मणिकर्णिका घाट के पास अभी भी गंगा का पानी मौजूद है। इस वर्ष सामने घाट, मारुति नगर और अन्य कॉलोनियों में गंगा का पानी बढ़ने के बावजूद घरों में नहीं घुसा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए यह साल राहत भरा रहा। नगर निगम भी सक्रिय हो गया है और जलस्तर घटने के साथ साफ-सफाई और ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव का कार्य शुरू कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है। जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।

खबर को शेयर करे
Shiv murti
Shiv murti