magbo system

Editor

मूसलाधार वर्षा के बाद शहर में जलजमाव की भयावह तस्वीर

वाराणसी। शहर में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह होते ही नगर की सड़कें और गलियां जलमग्न नजर आईं। जगह-जगह पानी भरने के कारण शहर ताल-तलैयों में तब्दील हो गया है।

VK Finance

गोदौलिया से गिरजाघर मार्ग तक सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई, जिससे यह मार्ग किसी छोटे तालाब जैसा प्रतीत हो रहा है। पैदल चलना तो दूर, दुपहिया वाहन चालकों और रिक्शा चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

लक्सा, कोदई चौकी, नई सड़क, दालमंडी, बेनियाबाग, कबीरचौरा, रथयात्रा, भेलूपुर जैसे प्रमुख इलाके जलभराव की चपेट में आ गए हैं। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर बहता दिखा, जिससे दुर्गंध और स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं। दुकानों और मकानों के अंदर तक पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को काफी नुकसान हुआ है।

नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुल गई है। नालों की सफाई समय पर न होने और जलनिकासी के समुचित इंतजाम न होने के कारण हर साल बरसात में यही स्थिति दोहराई जाती है।

स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से जल्द राहत व समाधान की मांग की है। कई इलाकों में लोगों ने खुद ही पानी निकालने का प्रयास किया, लेकिन लगातार बारिश ने स्थिति को और विकट बना दिया।

इस बारिश ने साफ कर दिया है कि शहर को जलजमाव से बचाने के लिए दीर्घकालिक समाधान और ठोस कार्ययोजना की जरूरत है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment