महापौर व नगर आयुक्त ने की विभागीय समीक्षा बैठक: महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए

खबर को शेयर करे

महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने आज स्मार्ट सिटी के मीटिंग सभागार में नगर निगम के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में दुर्गाकुण्ड तालाब के सौंदर्यीकरण के कार्यों पर चर्चा की गई। मे0 Welspun Michigan Engineers Limited द्वारा सीएसआर के तहत तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य पांच वर्षों तक किया जाएगा, जिसमें तालाब के पानी की शुद्धता, मछलियों और कछुओं के संरक्षण के साथ-साथ फव्वारों और प्रकाश की व्यवस्था भी की जाएगी। महापौर ने संबंधित संस्था को तुरंत कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

बैठक में जल निगम के अधिकारियों द्वारा पुराने 18 वार्डों में सीवर लाइन के सर्वे कार्य की जानकारी दी गई, लेकिन जब सर्वे कार्य की भौगोलिक जानकारी नहीं दी जा सकी, तो महापौर और नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और निर्देशित किया कि जल निगम के सर्वे और डीपीआर का पुनरीक्षण किया जाए।

क्यूआर कोड चस्पा करने के कार्य की प्रगति पर भी चर्चा हुई, जिसमें भेलूपुर जोन के 20,000 क्यूआर कोड चस्पा नहीं किए गए थे, जबकि राजस्व निरीक्षकों द्वारा शत प्रतिशत चस्पा करने का प्रमाण पत्र दिया गया था। नगर आयुक्त ने इस लापरवाही पर संबंधित राजस्व निरीक्षकों को निलम्बित करने के निर्देश दिए।

महापौर ने नगर निगम और जलकल विभाग की राजस्व वसूली की भी समीक्षा की और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी तथा महाप्रबंधक जलकल को शत प्रतिशत वसूली के निर्देश दिए। बैठक में महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही।

इसे भी पढ़े -  नेहरू पार्क से आशियाना चौराहे तक फुटपाथ विकास हेतु स्थल निरीक्षण