
संभल में शाही जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर हालात तनावपूर्ण हो गए। कोर्ट कमीशन की टीम सुबह 7:30 बजे से मस्जिद का सर्वे कर रही थी। इस दौरान दोनों पक्षों की मौजूदगी में सर्वे जारी था। मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का दावा किया गया है, जिसे लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
सर्वे के दौरान मस्जिद के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया, जिसके बाद हालात बिगड़ गए। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मौके से कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर है।
शाही जामा मस्जिद का सर्वे कोर्ट के आदेश के तहत हो रहा है, लेकिन इसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। विरोध और हिंसा की वजह से इलाके में तनाव बना हुआ है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है।