
वाराणसी में लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया गया है। लक्सा थाने की पुलिस ने दुल्हन दीपा मिलेनियम और उसके साथी संजय श्रीवास्तव को पकड़ा है। दोनों ने राजस्थान के जैसलमेर निवासी नरेंद्र व्यास से शादी के नाम पर 3 लाख रुपए लिए और फिर दीपा शादी के बाद रेलवे स्टेशन से फरार हो गई।
नरेंद्र ने 15 अप्रैल 2023 को लक्सा थाने में मामला दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि शादी के बाद विदाई के समय दीपा स्टेशन पर वाशरूम जाने का बहाना बनाकर भाग गई। पुलिस लगातार आरोपियों को पकड़ने के प्रयास में थी। मुखबिर की सूचना पर औरंगाबाद चौकी प्रभारी आलोक सिंह यादव ने ढालूवीर मस्जिद के पास दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में संजय ने बताया कि वह और दीपा 2020 से लुटेरी दुल्हन का रैकेट चला रहे हैं। दीपा गरीब घर की लड़की बनकर दूल्हों से शादी के लिए 3 लाख रुपए मांगती थी। शादी सारनाथ के मंदिर में होती थी और फिर दीपा रेलवे स्टेशन से भाग जाती थी। उनका रैकेट राजस्थान और हरियाणा में भी सक्रिय था। ज्यादातर पीड़ितों ने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, जिससे उनका रैकेट फल-फूल रहा था।