50 से अधिक लड़कियों से ठगे लाखों रुपए, कईयों से बनाए शारीरिक संबंध

खबर को शेयर करे

कनाडा जाने का ख्वाब देख रहीं लगभग 50 लड़कियों के साथ बड़ा धोखा हुआ है। इन लड़कियों से न केवल लाखों रुपए ठगे गए, बल्कि इनका शारीरिक शोषण भी किया गया। लड़कियों से शारीरिक संबंध बनाने और लाखों रुपए ठगने वाला शातिर ठग पंजाब के बरनाला का निकला। इसका खुलासा जालंधर देहात (पंजाब) की गोराया पुलिस ने की है। गोराया पुलिस ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद कनाडाई सिटीजन बताकर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की लड़कियों से लाखों रुपए ठगे और कईयों से शारीरिक संबंध भी बनाए।

सूत्रों के मुताबिक पंजाब के बरनाला के गांव बेहला का हरपाल सिंह अपना नाम बदलकर 50 से ज्यादा लड़कियों को ठगा और उनके साथ सैक्स भी किया। हरपाल सिंह अलग-अलग नाम से खुद को कनाडा का सिटीजन बताकर शादी डॉट कॉम पर अपनी प्रोफाइल डालकर पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली की करीब 50 लड़कियों को ठगा और कइयों के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए हैं।

गोराया पुलिस थाने के एसएचओ सुखदेव सिंह के मुताबिक एक लड़की ने शिकायत दी थी कि उसके साथ एक युवक ने अपने आप को कनाडा सिटीजन बताकर उससे 1.50 लाख की ठगी की है तथा 60 हज़ार रुपए और मांग रहा है। ऊपर से उससे शारीरिक संबंध भी बनाए हैं। इसके बाद एसएचओ ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज़ कर अपनी पुलिस पार्टी के साथ उक्त ठग को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, वह बेहद ही हैरान करने वाले हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हरपाल सिंह पुत्र अंग्रेज सिंह वासी बेहला थाना टलेवाल जिला बरनाला के रूप में हुई है।

इसे भी पढ़े -  सावधान: सड़क सुरक्षा को लेकर CM सख़्त, सख़्त कार्यवाही के दिये आदेश!!

हरपाल सिंह भोली भाली लड़कियों को अपने अलग-अलग नाम बताता था। शादी डॉट कॉम पर अपनी प्रोफाइल संदीप सिंह कनाडा के नाम पर बनाई हुई थी। अब तक 50 के करीब लड़कियों को अपने झांसे में लिए जाने के हुए खुलासा हुआ है। एसएचओ सुखदेव सिंह ने बताया के पूछताछ व इसके फोन से 50 के करीब ऐसी लड़कियों की फोटो मिली, जिन्हें उसने झांसे में लिया हुआ है। यही नहीं, विवाह करवा कर कनाडा ले जाने के सपने दिखा रहा था।

पुलिस के मुताबिक अब तक 60 लाख रुपए की ठगी लड़कियों से की है। जिन लड़कियों को इसने अपने झांसे में लिया है, उनमें बैंक की असिस्टैंट मैनेजर, नर्स, इमीग्रेशन, प्रोफेसर तक हैं। कुछ तो अपनी नौकरी तक इसके बहकावे में आकर छोड़ चुकी है। थानेदार ने कहा कि 5 के करीब लड़कियां थाना गोराया में अब तक सामने आ चुकी है व कुछ डर के मारे आगे नहीं आ रही।

पुलिस पूछताछ में पता चला कि यह शातिर ठग कोई काम नहीं करता। इसके पिता की गांव में एक छोटी सी दुकान है। ठग की 2 बहनें है, इसके पास एक कार है जो इसने एक लड़की को अपने जाल में फंसा कर उसके दिए पैसों से खरीदी है। इसके अलावा दो एप्पल के महंगे मोबाइल फोन भी अलग अलग लड़कियों से इसने लिए है। न तो कभी कनाडा गया है न ही इसके पास वीज़ा है।

पुलिस पूछताछ में पता चला कि हरपाल सिंह जिसने संदीप सिंह के नाम पर आई.डी. बनाई है, वह न तो आज तक कभी कनाडा गया है न ही उसके पास कनाडा का वीजा है। उसने लड़कियों को अपने जाल में फंसाने के लिए गूगल के जरिए जाली वीज़ा बनाया हुआ था। इसके अलावा हरमन सिंह के नाम का जाली आधार कार्ड, नकली कोविड शीट बनाई हुई थी जो पुलिस ने बरामद की है। इसके अलावा एक लड़की के भाई का आई.डी. कार्ड भी बरामद हुआ है जिसके ज़रिए यह सभी टोल प्लाजा पर फ्री निकलता था।