डेढ़ लाख रुपए के सुइट, 11 लाख में नाव; क्रूज का 1 टिकट 15 हजार में मिला~~~
देव दीपावली पर वाराणसी की भव्यता देखते ही बन रही है। 10 लाख से ज्यादा लोग आज गंगा के किनारे पहुंच रहे हैं। देव दीपावली देखने के लिए यूपी समेत अन्य स्टेट से टूरिस्ट वाराणसी पहुंचे हैं। यही वजह है कि शहर के सभी 1300 होटल्स और 500 से ज्यादा पेइंग गेस्ट, गेस्ट हाउस और लॉज 2 दिन के लिए फुल हैं।
इसमें 2 एलीट लग्जरी होटल, 16 फाइव स्टार, 45 फोर स्टार, 605 थ्री स्टार, बाकी सामान्य होटल्स, पीजी, डॉरमेट्री और VIP गेस्ट हाउस शामिल हैं। गंगा किनारे होटल ब्रजरामा में डेढ़ लाख रुपए तक के सुइट पैकेज बुक हुए हैं। वहीं, घाटों पर 1000-1500 वाले गेस्ट हाउस की बुकिंग 3 से 4 हजार रुपए में हुई है।
अस्सी घाट पर सबसे महंगी नाव 11 लाख रुपए में बुक
होटल की तरह से मोटर बोट्स, चप्पू वाली नाव, बड़ी नाव, रो-रो यान और क्रूज की बुकिंग भी फुल है। वहीं, अस्सी घाट से 11 लाख का सबसे महंगी बड़ी नाव बुक हुई है। आज अलकनंदा क्रूज और सैम मानेक शॉ क्रूज पर पर हेड चार्ज 15 हजार रुपए है। आम दिनों से 16 गुना ज्यादा रेट है। नमो घाट से संत रविदास घाट तक करीब 9 किलोमीटर गंगा में केवल बोट्स ही दिखाई देंगी। अब देव दीपावली देखने के लिए गंगा पार के रेत और घाटों पर ही जगह बची हैं।
ब्रजरामा में सुइट 1.5 लाख रुपए तक बुक
टूरिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता के अनुसार, वाराणसी में एलीट लग्जरी होटल नदेसर पैलेस और होटल ब्रजरामा में 75 हजार रुपए में एक रात के लिए बुकिंग हुई है। वहीं, सुइट पैकेज का किराया अधिकतम डेढ़ लाख रुपए तक गया है। 4 और 5 स्टार होटलों में कमरों के रेट 25 हजार रुपए तक हैं। 1-3 स्टार वाले होटल 10000 रुपए तक बुक हुए हैं।
1 साल में 10 करोड़ पर्यटक पहुंचे काशी
वाराणसी से सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि श्रीकाशी विश्वनाथ कॉरिडोर लोकार्पण के बाद 1 साल में 10 करोड़ से ज्यादा पर्यटक काशी आए हैं। इसके पहले इसका आधा भी नहीं आते थे। बनारस मे बढ़े पर्यटक और सैलानियों ने काशी के अर्थव्यवस्था में भी बूम ला दिया है। वाराणसी की टूरिज्म इकोनॉमी में करीब 30% की बढ़ोतरी हुई है। जॉब में भी 35% का इजाफा हुआ है। भारत में 60% से ज्यादा धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन यहां पर होता है।
