
वाराणसी। थाना प्रभारी लालपुर पांडेयपुर राजीव कुमार सिंह ने मंगलवार को समस्त चौकी इंचार्ज के साथ क्षेत्र में व्यापक गश्त किया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया। टीम ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी ने साफ कहा कि आम जनता को परेशानी में डालने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बिना हेलमेट चलने वाले बाइक सवारों और तीन सवारी बैठाकर नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई की गई। कई वाहनों का चालान किया गया और नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना और सड़क पर जाम की समस्या से आम लोगों को छुटकारा दिलाना है। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में सुचारु यातायात और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित हो सके।