magbo system

Editor

मनरेगा बचाओ आंदोलन से पहले अजय राय हाउस अरेस्ट, कांग्रेस का आरोप लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला

वाराणसी। राष्ट्रव्यापी मनरेगा बचाओ आंदोलन के तहत 11 जनवरी को सुबह 10 बजे टाउनहॉल मैदागिन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास प्रस्तावित प्रतीक उपवास से पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद वाराणसी की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

VK Finance

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आंदोलन से पहले बनारस में पार्टी के जिलाध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को उनके घरों में ही रोक दिया गया। कई नेताओं के आवासों पर पुलिस तैनात कर दी गई, ताकि वे कार्यक्रम स्थल तक न पहुंच सकें।

कांग्रेस का आरोप है कि यह कदम एक शांतिपूर्ण, गांधीवादी और लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाने की कोशिश है। हाउस अरेस्ट के दौरान अजय राय ने कहा कि मनरेगा गरीबों और मजदूरों की जीवनरेखा है और इसे कमजोर किए जाने के खिलाफ कांग्रेस देशभर में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में प्रस्तावित प्रतीक उपवास पूरी तरह लोकतांत्रिक था, इसके बावजूद उन्हें लहुराबीर स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया गया और कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है।

अजय राय ने साफ कहा कि कांग्रेस न कभी झुकी है और न झुकेगी। जनता के अधिकारों की लड़ाई हर हाल में जारी रहेगी। कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए कहा कि इससे सरकार की मंशा साफ झलकती है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment